महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की ओर जनपद में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ओवर रेटिंग रोकने के संदर्भ में कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के साथ बैठक की गई। जिलाधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव से खाद की उपलब्धता की जानकारी ली।
एआर कोऑपरेटिव ने बताया कि जनपद में 1900 एमटी यूरिया उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि एचयूआरएल की 491 एमटी की रैक बुधवार को प्राप्त हुई थी, जिसे 27 समितियों पर भेजा गया है। यारा की 530 एमटी यूरिया की रैक प्राप्त हो रही है, जिसे 29 समितियों को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि कृभको की 1300 एमटी यूरिया की रैक शुक्रवार तक जनपद को मिल जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि खाद का प्रेषण समितियों को इस प्रकार करें किसी भी समिति पर खाद की उपलब्धता शून्य न होने पाए। समितियों पर पारदर्शी तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करें। यदि कहीं भीड़ ज्यादा है तो नजदीकी थाने से संपर्क कर पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में खाद वितरण कराए। कहा कि उर्वरक के साथ कोई अन्य उत्पाद न दिया जाए।