महराजगंज। प्रयागराज महाकुंभ के मद्देनजर परिवहन निगम अपनी तैयारियों को दुरुस्त करने में जुट गया है। सभी डिपो से यात्रियों की सुविधा के लिए बस संचालन के निर्देश हैं। साथ ही प्रबंध निदेशक प्राविधिक ने पत्र जारी कर क्षेत्रीय कार्यालय और डिपो को निर्देशित किया है कि प्रयागराज जो भी चालक-परिचालक बस लेकर जाएं वह ड्रेस और नेमप्लेट लगाकर ही जाएं।
अन्यथा डिपो के खिलाफ कार्रवाई होगी। महराजगंज डिपो ने अभी से इसके लिए सख्ती शुरू करते हुए चालक और परिचालकको ड्रेस में आने के निर्देश दिए हैं।
महराजगंज डिपो में 64 निगम और अनुबंधित बसों का संचालन होता है। इसके लिए 100 चालक और 65 परिचालक तैनात हैं। इनको निगम की ओर से वर्दी और जूते के लिए प्रति वर्ष धनराशि भेजी जाती है, लेकिन इन्हें अक्सर साधारण ड्रेस में ही देखा जाता है। महाकुंभ आयोजन पर सभी की नजर रहेगी। इसलिए विभाग ने पहले ही अलर्ट करते हुए वर्दी की अनिवार्यता कर दी है।
महराजगंज डिपो के 100 चालकों और 65 परिचालक के खाते में ड्रेस के लिए पांच माह पहले ही 1800 रुपये की दर से 2,97,300 रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी।
बावजूद ड्रेस पहनने से परहेज करते हैं। अब प्रबंध निदेशक प्राविधिक की सख्ती से वह ड्यूटी पर साधारण ड्रेस में नहीं दिख सकेंगे। महराजगंज डिपो के एआरएम सर्व जीत वर्मा ने बताया कि वर्दी के लिए बहुत पहले ही धनराशि दे दी गई है। निर्देश क्रम में सभी को अभी से वर्दी में ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। ्