युवती मिलने से मना किया प्रेमी ने की जान देने की कोशिश
गांगी बाजार (महराजगंज)। पनियरा थाना क्षेत्र में प्रेमिका के न मिलने से निराश युवक ने अपने दोनों हाथों को चाकू से काट लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान युवक को पीएचसी पनियरा में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखकर युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है। उससे विवाह करना चाहता हूं, लेकिन वह अब शादी करने से मना कर रही है।
तीन वर्ष पहले एक युवती से प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था। मोबाइल फोन पर मिस कॉल से शुरू हुई दोनों की बातचीत लगातार जारी रही। बताया जाता है कि शनिवार सुबह युवक अपनी प्रेमिका से मिलने की इच्छा जताई। लेकिन, युवती ने उससे मिलने से मना कर दिया। उसने फिर युवती को फोन मिलाया, लेकिन फोन स्विच ऑफ हो गया। इससे युवक परेशान हो गया। करीब दो-तीन घंटे इधर-उधर घूमने के बाद उसने अपने दोनों हाथों को चाकू से काट लिया। वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को पीएचसी पनियरा पर भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष रमाशंकर चौधरी ने बताया कि इसकी जानकारी युवक के परिजनों को दी गई है।