महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पनियरा थाना क्षेत्र में प्रेमिका के न मिलने से हताश युवक ने अपने दोनों हाथों को चाकू से काट लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहुलूहान युवक को पीएचसी पनियरा में भर्ती करा;k। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है। उससे विवाह भी करना चाहता है लेकिन वह अब शादी करने से मना कर रही है। तीन सालों से दोनों रिश्ते में थे।
बताया जाता है कि मोबाइल पर मिस कॉल से शुरू हुई दोनों की बातचीत लगातार जारी रही। शनिवार सुबह युवक अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए बुला रहा था, लेकिन प्रेमिका ने उससे मिलने से मना कर दिया। उसने फिर अपनी प्रेमिका को फोनकर दबाव बनाया, लेकिन फोन बंद बताने लगा।
इस बात से युवक परेशान हो गया। करीब दो-तीन घंटे इधर-उधर घूमने के बाद उसने अपने दोनों हाथों को चाकू से काट लिया। वह लहुलूहान होकर मौके पर ही गिर गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने युवक को पीएचसी पनियरा पर भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष रमाशंकर चौधरी ने बताया कि इसकी जानकारी युवक के परिजनों को दी गई है।