उर्वरक के लिए किसानों की लगी लंबी कतार
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवां/महराजगंज। क्षेत्र के साधन सहकारी समिति बैकुंठपुर में मंगलवार को उर्वरक लेने के लिए अधिक संख्या में किसान सुबह से ही लंबी कतार में खडे हो गए। भीड़ की सूचना पर थानाध्यक्ष परसामलिक मयफोर्स पहुंचे और किसानों को कतार में खड़ा कराया।
मंगलवार को साधन सहकारी समिति बैकुंठपुर में डीएपी व यूरिया खाद आने की सूचना पर अधिक संख्या में किसान पहुंच गए। किसानों की भीड़ को देखकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सचिव ने परसामलिक पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को लाइन में खड़ा कराया उसके बाद उर्वरक वितरण किया गया। खाद लेने के लिए निपनियां, रेहरा, विषखोप, पेड़ारी,बेलभार, परसा, भटोलिया, बड़हरा आदि गांवों के किसान जसवंती देवी, सितारा देवी, गुड़िया सिंह, आसमा खातून, मैरून निशा, कौशिल्या देवी, दया राम यादव , संदीप मद्धेशिया, धीरज, रंगीलाल, कमलेश यादव, मुनील यादव, राज अग्रहरि, राम उग्रह, मोहम्मद सगीर आदि किसानों ने बताया कि उर्वरक की किल्लत से गेहूं की बुआई नहीं हो पा रही है तथा जरूरत के हिसाब से खाद नहीं मिल पा रही है। अगर चार बोरी की जरूरत है तो एक से दो ही बोरी मिल रही है।
सचिव धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि डीएपी की 300 बोरी तथा 445 बोरी यूरिया आई है। 1200 प्रति बोरी डीएपी तथा 267.50 रुपये में यूरिया प्रति बोरी की दर विक्रय किया जा रहा है। किसानों की अधिक भीड़ होने से एक से दो बोरी खाद दी जा रही है।