दो घरों का ताला तोड़कर नकदी समेत सामान चोरी
नौतनवां (महराजगंज )। कस्बे के मधुवन नगर वार्ड स्थित दो घरों का बृहस्पतिवार के तड़के ताला तोड़कर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी। वारदात को अंजाम देते हुए चोर एक घर से नकदी व गहने समेत कई कीमती सामान लेकर बगल में मौजूद दूसरे घर का ताला तोड़ने का प्रयास कर ही रहे थे कि तब तक आसपास के लोगों को भनक लग गई। लोगों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद गृह स्वामी सुनील मद्धेशिया ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के मधुवन नगर वार्ड में सुनील मद्धेशिया का घर स्थित है। वह रोजगार के सिलसिले से सपरिवार सोनौली में रहते हैं। वहीं बगल में ही अनीश शाह का गोदाम भी मौजूद है। बृहस्पतिवार की भोर में सुनील मद्धेशिया के घर का ताला तोड़कर कुछ अज्ञात चोरों ने दो कमरों को खंगाल डाला। इसमें चोर कमरे की अलमारी में रखा 25 हजार नकदी, जेवर, कीमती सामान समेट ले गए। इसके बाद चोर बगल में मौजूद अनीश शाह के गोदाम का भी ताला तोड़ने का प्रयास कर ही रहे थे कि आसपास के लोगों की नींद खुल गई और उन्होंने दौड़ाने का भी प्रयास किया, लेकिन चोर घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त किए गए औजारों को वहीं छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर घटना की जानकारी होने के बाद गृह स्वामी सुनील मद्धेशिया ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने तहरीर मिलने की पुष्टि की।