16,521 लोगों को लगाई गई कोरोनारोधी वैक्सीन
महराजगंज। जिले में कोरोनारोधी टीका लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई। अस्पतालों में बने केंद्र के अलावा स्कूलों में भी टीका तेजी से लगाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिले में 16521 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल के अलावा घुघली, निचलौल, रतनपुर, फरेंदा, धानी समेत अन्य केंद्रों पर टीका लगाया गया। केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने दूसरा डोज समय से लगाने की अपील की। वहीं, सिंदुरिया प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत बड़हरामीर स्थित वैदिक गुरुकुल इंटरमीडिएट कालेज में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर 75 छात्र-छात्राओं को कोरोनारोधी टीका लगाई। प्रबंधक घनश्याम द्विवेदी, प्रधानाचार्य शशिधरण सिंह, पवन पांडेय, अजय पांडेय, प्रदीप उपाध्याय, गोविन्द गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सिसवां बाजार प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय प्रेमलाल सिंघानिया कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। टीकाकरण के लिए चार काउंटर बने थे। जिस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने कक्षा 9 से 12 तक 519 छात्राओं को टीका लगाया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य शशिकला सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी को टीका लगवाना अतिआवश्यक है। भिटौली प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गंगराई में एमजीएम इंटर कॉलेज के परिसर में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना टीकाकरण के शिविर का आयोजन किया गया। प्रबंधक मोहम्मद अफसर अली ने बताया कि शिविर में 85 छात्र छात्राओं को टीका लगा। प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रजापति, राम पटेल, मोहम्मद रफी आजम, ओबेदुल्लाह रियाज सिद्धकी, मोहम्मद नसीमा खातून, सकीना खातून, संतोष गौतम आदि मौजूद रहे।
----------------------
नहीं मिला कोई पॉजिटिव, 30 केस सक्रिय
महराजगंज। कोरोना के मामले लगातार मिल रहे हैं। हालांकि बृहस्पतिवार को कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। वहीं, जिले में कोरोना सक्रिय केस की संख्या 30 है। एक मरीज केएमसी डिजिटल अस्पताल में भर्ती है। 9 लोग होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, अन्य गोपाल सीएचसी में भर्ती हैं।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि अब तक जिले में 12474 केस सामने आ चुके हैं। जिसमें सक्रिय केस 30 है। मरने वालों की संख्या 140 है। 12304 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। बृहस्पतिवार को 1025 सैंपल जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि कोरोना के प्रभाव को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। हर हाल में मास्क का प्रयोग करने के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करें। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को जागरूक करने में जुटी है। संवाद