पनियरा (महराजगंज)। पीएनबी की पनियरा शाखा के प्रबंधक और क्षेत्रीय कार्यालय के नामित अधिकारी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी कर लोन के पांच लाख रुपये हड़पने के मामले में केस दर्ज किया है। आरोप है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत जारी लोन की रकम लाभार्थी को न देकर एक फर्म की मिलीभगत से बैंक अधिकारियों ने हड़प ली।
पनियरा क्षेत्र के सोनबरसा गांव की रहने वाली शना खातून ने बीते 14 जून को सीएम पोर्टल, पीएनबी के विजलेंस विभाग लखनऊ और क्षेत्रीय प्रबंधक गोरखपुर से शिकायत की। शना का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत कर्ज के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ब्रांच मैनेजर शिशिर गुप्ता ने लोन पास करके रकम अपनी चहेती फर्म को ट्रांसफर कर हड़प ली। शना ने जिस फर्म का कोटेशन दिया था, उसको रकम नहीं भेजी गई। शिकायत के बाद क्षेत्रीय कार्यालय से नामित अधिकारी राजेश शुक्ला और बैंक मैनेजर शिशिर गुप्ता ने शना के पिता शमसुद्दीन को बैंक में पैसा देने के बहाने बुलाकर 24 जून को प्रताड़ित किया। थानाध्यक्ष पनियरा निर्भय कुमार सिंह ने कहा कि ब्रांच मैनेजर शिशिर गुप्ता क्षेत्रीय कार्यालय के नामित अधिकारी राजेश शुक्ला पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।