महराजगंज। जिला अस्पताल में सोमवार को करीब 900 मरीज पहुंचे। भीड़ के चलते पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष तक मरीजों को परेशान होना पड़ा। उधर, सिटी स्कैन का प्रेशर पाइप फटने से सिटी स्कैन कराने के लिए मरीजों को परेशान पड़ा।
सोमवार सुबह नौ बजे जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लगी रही। कतार में 20 वें नंबर पर खड़े नीरज यादव ने बताया कि सोचा जल्दी आने पर समस्या नहीं होगी, लेकिन यहां तो भीड़ बढ़ने पर समस्या हो गई। पर्ची लेने में करीब आधे घंटे का समय लग जाएगा। सुनीता देवी ने बताया कि पोती को बुखार आ रहा है। उसी का इलाज कराने आई हूं। आज तो भीड़ में डॉक्टर से परामर्श लेने में परेशानी होगी।
पर्ची काउंटर से आगे बढ़ने पर बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के सामने कतार लगी रही। यहां करीब 70 लोग कतार में लगे रहे। नरेश तिवारी ने बताया कि आधे घंटे से अधिक वक्त गुजर गया, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है। बेटे के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कई बार कतार में आगे बढ़ने की कोशिश तो लोग विरोध करने लगे। इसी तरह से पैथालॉजी में भीड़ के कारण लोगों को बाहर से जांच करानी पड़ी।
विंद्रावती देवी ने बताया कि खून की जांच करानी है, यहां तो भीड़ देखकर लग रहा है कि शाम तक नंबर नहीं आएगा। बाहर रकम देकर जांच करानी पड़ेगी। पास में खड़े रामप्रसाद ने बताया कि सोमवार को हमेशा भीड़ हो जाती है। उधर, सीटी स्कैन कराने में भी लोगों को परेशानी हुई। सुबह करीब 11 बजे के बाद अचानक मशीन का प्रेशर पाइप फट गया। करीब 20 लोग बगैर सीटी स्कैन कराए ही चले गए। मशीन को ठीक करने में कर्मी जुटे रहे।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि अस्पताल जाने में सभी मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जाता है। भीड़ होने पर भी मरीजों की सुविधा का ख्याल रखा जाता है। इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज अधिक आ रहे हैं।