निचलौल। क्षेत्र के गांव बजही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बृहस्पतिवार की रात फिर तेंदुआ दिखा। इससे स्वास्थ्य कर्मियों में दहशत का माहौल है। हालांकि तेंदुआ इस बार भी शिकार नहीं मिलने पर कुछ देर बाद अस्पताल परिसर से लौट गया।
अस्पताल परिसर में निवास करने वाले रश्मि सिंह, अंजू मौर्य, शालिनी आदि ने बताया कि बीते एक सप्ताह पहले तेंदुआ शिकार के लिए अस्पताल परिसर में आया था। इस दौरान तेंदुआ करीब चार घंटे तक अस्पताल में बैठा रहा। उसके बाद से तेंदुआ लगातार तीन दिनों तक अस्पताल परिसर और ईर्द-गिर्द विचरण करता रहा। वहीं वन कर्मियों की सतर्कता और शिकार नहीं मिलने पर तेंदुआ जंगल की ओर लौट गया था।
दो दिन बाद फिर तेंदुआ अस्पताल परिसर में आ गया था, जो ज्यादा देर तक न ठहरकर कुछ देर बाद अस्पताल परिसर से बाहर निकल शिकार के लिए विचरण करता रहा। इस दौरान भी तेंदुआ अपने मकसद में सफल नहीं हो सका। फिर भोर होते ही तेंदुआ गांव के सिवान में लगे गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। ऐसे में अस्पताल कर्मियों में एक बार फिर से डर का माहौल बन गया है।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने कहा कि अस्पताल परिसर में एक बार फिर से तेंदुए के आने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए निगरानी के लिए टीम लगा दी गई है।