सात सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की रूपरेखा तय
कल से चरणबद्ध आंदोलन, 17 से 23 तक संपूर्ण कार्य बहिष्कार
महराजगंज। लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज लेखपालों ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। लेखपाल संघ के जिला मंत्री ऋषिकेश शर्मा के नेतृत्व में लेखपालों ने जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एडीएम को सौंपकर मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में ग्रेड-पे 2800 रुपये करने, वेतन विसंगति दूर करने, अंतरमंडलीय स्थानांतरण और पदोन्नति सूची जारी करने, भत्तों में बढ़ोतरी तथा समयमान पद घोषित करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा पटल सहायक और प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कक्षों से संबद्धता समाप्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में जरूरी सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जिला मंत्री ने बताया कि 22 सितंबर से अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार किया जा रहा है। इसके बावजूद सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना दिया जाएगा। आठ अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, 10 से 12 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर कार्य और 14 अक्टूबर को मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। 17 से 23 अक्टूबर तक संपूर्ण कार्य बहिष्कार और 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई है। इस दौरान अशोक त्रिपाठी, मारुति नंदन निगम, शोभनाथ भारती आदि मौजूद रहे।