महराजगंज। नौकरी मिलते ही एक युवक ने पत्नी को छोड़ दिया और दूसरी शादी करने के फिराक में जुट गया। इसकी भनक जब पत्नी को लगी तो वह थाने पहुंच गई और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला थाने की पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर टोला केवटनिया निवासी पीड़िता सुनीता ने बताया कि मेरी शादी चंद्रभान वरुण के साथ वर्ष 2015 में गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में हुई थी। शादी के बाद से ही पति चंद्रभान के साथ रहने लगी। आरोप है कि लगभग नौ माह बाद गर्भधारण होने पर ससुरालियों ने गर्भपात करा दिया और मुझे मायके पहुंचा दिया। पति चंद्रभान ने कहा कि मेरी बहन की शादी होने वाली है। शादी हो जाएगी तब तुम्हें अपने घर ले चलेंगे। बहन की शादी होने के बाद भी पति ने कोई खोज खबर नहीं ली। थक हारकर मैं अपने ससुराल पहुंची तो सास-ससुर ने घर में जाने से रोक दिया। कहा कि चंद्रभान की नौकरी लग गई है उसकी दूसरी शादी करेंगे। मैंने घर में रहने का प्रयास किया तो सास, ननद ने गाली देते हुए भगा दिया। ससुरालियों ने कहा कि तुम अपने पिता से पांच लाख रुपये लेकर आओ तब तुम्हे रखेंगे। महिला थानाध्यक्ष रंजना ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति चंद्रभान, सास इंद्रावती, देवर रंजीत, ननद शीला व नीलम के खिलाफ केस दर्ज किया है।