महराजगंज। महाकुंभ के माघ पूर्णिमा में स्नान के लिए दो दिन पहले तक कम बसों के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति थी। इससे निपटने के लिए डिपो को सीतापुर डिपो से बस बुलानी पड़ी।
किसी तरह महराजगंज डिपो ने 90 बसों को महाकुंभ भेजकर श्रद्धालुओं की सुविधा तो बढ़ाई, लेकिन लोकल रूटों पर समस्या एक बार फिर बढ़ गई है।
महराजगंज डिपो का लोकल रूट इन दिनों 40 बसों के सहारे है। सहालग के सीजन में लोगों को आवागमन में असुविधा झेलनी पड़ रही है। बुधवार सुबह 11:30 बजे बस स्टेशन पर निचलौल के लिए कोई बस नहीं दिखी। निचलौल जाने के लिए लगभग सात यात्री बस का इंतजार करते मिले।
ओमप्रकाश व सूरज मौर्य ने बताया कि सुबह 11 बजे एक बस गई है, लेकिन भीड़ के कारण बस में नहीं घुस सके, तब से अगली बस का इंतजार कर रहे हैं।
इसी तरह पनियरा और फरेंदा के लिए भी दो यात्री इंतजार करते मिले।
नीरज ने कहा कि पनियरा के लिए एक घंटे से बस नहीं है। गोरखपुर जाने वाली बस से परतावल तक जाकर वहां से ऑटो पकड़ना पड़ेगा। सहालग के सीजन में परेशानी हो रही है।