कोटेदारों ने विधायक को सौंपा मांग पत्र
महराजगंज। नगर पालिका सभागार में सोमवार को दोपहर में फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें समस्याओं के समाधान पर चर्चा के साथ ही सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया को ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष पौहारी शरण ने कहा कि माह मई 2021 का खाद्यान्न ढुलाई भाड़ा, पल्लेदारी व माह अक्तूबर, नवंबर, दिसंबर प्रथम चरण का दुलाई भाड़ा, पल्लेदारी एवं लाभांश अभी तक नहीं मिला है जिससे परेशानी हो रही है। दिसंबर प्रथम चरण का दुलाई भाड़ा, लाभांश व पल्लेदारी अभी तक नहीं मिला है। जबकि दिसंबर में तेल, नमक, चना का लाभांश व ढुलाई भाड़ा व पल्लेदारी भी कोटेदार को अपने पास से देना पड़ रहा है जिसका भुगतान विभाग से कराया जाय।
दिसंबर 2021 में चना, नमक, तेल जो मिला है। उसकी पैकिग की मात्रा में कमी है। तेल के कुछ पैकेज में लिकेज है जिससे हम कोटेदारों को वितरण में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसी पैकिंग गत्ते में 13 या 14 लीटर ही तेल है जबकि पैकिंग में 15 होना चाहिए। इसी तरह चना, नमक, के पैकिंग बोरी में भी कमी है। एमडीएम भाड़ा वर्ष 2005 से आजतक बकाया है उसे दिलवाई जाय। कई बार लिखित एवं मौखिक सूचना जिला वितरण अधिकारी को देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उपभोक्ता द्वारा शिकायत करने पर कोई कार्रवाई न की जाय। जैसे रजिस्टर व मशीन कोटेदार के पास है। राशनकार्ड उपभोक्ता के पास है। तीनों के मिलान करने पर ही कार्रवाई की जाय। यदि झूठी शिकायत मिलती है तो शिकायतकर्ता पर ही कार्रवाई की जाय। समस्त विपणन केंद्रों पर 50 क्विंटल का कांटा लगा हुआ है लेकिन कहीं भी तौलकर खाद्यान्न नहीं दिया जाता है। इस दौरान अशोक कुमार, राजेश तिवारी, राजेंद्र सोनी, ईश्वर पटेल, संत प्रसाद, रमेश चंद्र, तिलकधारी आदि मौजूद रहे।