15 केंद्रों पर 2409 को लगा कोरोनारोधी टीका
लक्ष्य था 1779, टीकाकरण से वंचित 630 कर्मियाें भी लगी वैक्सीन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के 15 केंद्रों पर शुक्रवार को 2409 कोरोना योद्धाओं को कोरोनारोधी टीका लगा। 1779 का लक्ष्य पूरा होने के साथ ही छूटे 630 लोगों ने भी टीका लगवाया।
महिला अस्पताल पर सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सूर्य प्रताप सिंह, ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर लवली वर्मा समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना रोधी टीका लगवाया। जनपद के महिला अस्पताल, केएमसी डिजिटल अस्पताल, पनियरा, बृजनमनगंज, निचलौल, परतावल, सिसवां, घुघली, बहदुरी, बनकटी, लक्ष्मीपुर, रतनपुर, नौतनवां, धानी, मिठौरा सीएचसी पर टीका लगाया गया।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना रोधी टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। टीका लगाने के बाद किसी कर्मी को कोई परेशानी नहीं हुई। टीकाकरण से जुटी सभी सूचनाएं पोर्टल पर त्वरित अपलोड की जा रही हैं।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा में चल रहे कोविड टीकाकरण का शुक्रवार को सीएमओ डॉ एके.श्रीवास्तव, डीपीएम नीरज सिंह ने निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की दूसरी डोज भी दी जा रही है। प्रभारी अधीक्षक डॉ. श्याम बाबू ने बताया कि 177 कर्मियों ने टीकाकरण कराया।
जिले में कोई पॉजिटिव नहीं
महराजगंज। जिले में शुक्रवार को भी कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। अब तक कुल केस 5811 संक्रमित मिल चुके हैं। वर्तमान में जिले में कोई सक्रिय केस नहीं है। 5720 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। 91 लोगाें की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने दी।