महराजगंज। कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की बेटियों को गुणवत्ता पूर्ण नाश्ता व भोजन दिया जा रहा अथवा नहीं, इसकी औचक जांच के लिए तहसीलदार के नेतृत्व में पीएम पोषण योजना के तहत टीम गठित होगी। टीम जांच व नमूने संग्रहित कराकर गुणवत्ता की जांच करेगी। राज्य परियोजना कार्यालय से इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
पीएम पोषण योजना के तहत जिले के 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बनने वाले नाश्ता व मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची जाएगी। राज्य परियोजना निदेशालय की तरफ से इसके निर्देश दिए हैं। प्रभारी बीएसए यह जानकारी देते हुए बताया कि पीएम पोषण योजना के तहत डीएम की ओर से तहसीलदार की अगुवाई में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी शामिल रहेंगे। संयुक्त जांच समिति औचक जांच कर नमूने संग्रहित कराकर यह सुनिश्चित करेगी कि कस्तूरबा के बेटियों को जो नाश्ता व भोजन गुणवत्ता पूर्ण है। जारी आदेश में कहा गया है कि जांच अधिकारी की तरफ से सैंपलिंग किए जाने के दिन भोजन में प्रयुक्त खाद्य सामग्रियों के क्रय संबंधी अभिलेख, साक्ष्य एवं जानकारी भी एकत्रित की जाएगी। सैंपल मानक के अनुरूप न पाए जाने की स्थिति में आपूर्तिकर्ता फर्म ब्लैकलिस्ट की जा सकती है।