परतावल। नगर पंचायत में सामाजिक और शैक्षिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बृहस्पतिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कल्याण मंडप एवं डिजिटल लाइब्रेरी का भूमि पूजन पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने विधि-विधान के साथ किया।
इस अवसर पर विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि कल्याण मंडप के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी, जबकि डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के प्रयासों से यह परियोजना स्वीकृत हुई है।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, बलराम उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि नंदू दूबे, सभासद काशीनाथ सिंह, तेजप्रताप मोदनवाल, नागेश कशौधन, अजय पटेल, विनय सिंह, रिंकू सिंह, राकेश गुप्ता, शिवेंद्र सिंह, भगवान दत्त पांडेय, मिथिलेश गौतम, मंजेश कुमार मौजूद रहे।