स्टेडियम में खुलेगा ओपन जिम
नगर पालिका द्वारा तैयार किया जा रहा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अच्छे खिलाड़ी को स्वस्थ रहना आवश्यक है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्टेडियम में ओपन जिम खोला जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। स्टेडियम में क्रीड़ा विभाग द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
जिम खुल जाने से धनेवा में स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास के लिए आने वाले खिलाड़ियों को सुविधा होगी। क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि ओपेन जिम को लेकर जितनी भूमि की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा। प्रभारी अधिकारी नगर निकाय अविनाश कुमार ने बताया कि स्टेडियम में ओपेन जिम के लिए ईओ नगर पालिका के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद आगे की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाएगी।
ओपेन जिम के निर्णय का खिलाड़ियों ने स्वागत किया
एथलीट अजय कुमार ने कहा कि स्टेडियम में ओपेन जिम प्रारंभ होने से प्रतिदिन अभ्यास में सहूलियत मिलेगी। कुश्ती के खिलाड़ी विशाल कुमार, फुटबॉल खिलाड़ी मुकेश कुमार ने कहा कि ओपेन जिम के प्रारंभ होने से खिलाड़ियों की संख्या में भी वृद्धि होगी। ताइक्वांडो के खिलाड़ी रिजवान फैजी ने कहा कि ओपेन जिम के निर्णय का स्वागत किया है।