स्वनिधि योजना : बैंकों में ऋण मेला एक से छह तक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत चिह्नित पटरी व्यवसायियों को ऋण मिलेगा। इसके लिए बैंकों की शाखाओं में एक से छह मार्च तक ऋण मेला लगेगा।
योजना का लाभ लेने के लिए जिले के सात निकायों से कुल 4146 आवेदन मिले हैं। इसमें से 2472 लोगों के आवेदन स्वीकृत कर 2205 को ऋण दिया जा चुका है। आवेदन करने वाले अवशेष 1674 लोगों के आवेदन को भी स्वीकृत किया जाना है। अपर एसडीएम और प्रभारी अधिकारी नगर निकाय अविनाश कुमार ने कहा कि स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से ऋण मेला आयोजित होगा। पटरी व्यवसायी अनिवार्य रूप से इसका लाभ उठाना सुनिश्चित करें। ऋण वितरण शिविर को संबंधित निकाय में सफल बनाने को लेकर अधिशासी अधिकारी व शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक को निर्देशित किया गया है।