सोनौली। नेपाल के दारचूला जिले में मल्लिकार्जुन मंदिर से लौटते समय सवारियों से भरी एक जीप खाई में गिर गई। बृहस्पतिवार की रात हुए हादसे में दो भारतीय समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले भारतीय नागरिकों की पहचान यूपी के बिजनौर जिले के 45 वर्षीय मोहम्मद सफीर और 18 साल के मोहम्मद वसीम के रूप में हुई है।
जिला पुलिस कार्यालय दारचूला के अनुसार, जीप मल्लिकार्जुन मंदिर से गोकुलेश्वर जा रही थी। शैली शिखर नगर पालिका-6 के बागजेबला के पास जीप एक पहाड़ी से टकराकर खाई में जा गिरी। मरने वालों में शैलीशिखर-5 लेकगांव के वीरेंद्र रावल, शांति रावल, शैल्याशिखर-9 नाकाटाद के दिलीप बिस्ता, बैतड़ी के दिलाशैनी-5 के संजीव बोहरा, शैल्याशिखर नगर पालिका-9 नकाटाड़ के बीरेंद्र बोहरा शामिल हैं। दारचूला पुलिस प्रमुख डीएसपी प्रकाश दहल ने बताया कि एक मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।