मंडलायुक्त व डीआईजी ने तैयारियों का लिया जायजा
फोटो
- कोरोना से बचाव को लेकर प्रभावित गांवों को देखा, जिले के जिम्मेदारों को दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मंडलायुक्त जयंत नार्लीकर व पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश डी मोदक ने मंगलवार को जिले के कोरोना से प्रभावित गांवों व अन्य स्थलों का निरीक्षण किया तथा जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मंडलायुक्त व डीआईजी ने सर्वप्रथम कोल्हुई थाना क्षेत्र के कोरोना संक्रमितों से जुड़े गांवों में पहुंच वहां पर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का हाल जाना। किए जा रहे छिड़काव को देखते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि समग्र प्रयास से ही इस महामारी से बचा जा सकेगा। ऐसे में अपनी तैयारियों को पूरा रखते हुए आमजन को जागरूक भी किया जाए। इसके बाद वे कोल्हुई में स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंचे। वहां पर भी साफ-सफाई का प्रबंध देखा तथा जिम्मेदारों से कहा कि यहां पर भी स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक दूरी का पालन किया जाना सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि वे नियमित तौर पर इन क्षेत्रों में नजर भी बनाए रखें। सीएमओ को निर्देशित किया कि गांव समेत तीन किमी. के दायरे में सैनिटाइजिंग कराई जाए। इसके बाद कैंपियरगंज के रामचौरा स्थित रेस्टारेंट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार, एसपी रोहित सिंह सजवान, अपर निदेशक स्वास्थ्य, सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एसडीएम राजेश जायसवाल व सीओ अशोक कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।