3812 लोग स्कूलों में क्वारंटीन, अब तक 77 लोगों की जांच रिपोर्ट आई निगेटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत भरी खबर है। क्योंकि कोरोना संदिग्धों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मंगलवार को आठ लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई तो विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की ओर से व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर हर संभव कोशिश की जा रही है। फरवरी माह में मामला सामने आने पर विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई थी। अब प्रत्येक संदिग्धों की जांच को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
शुरूआती दौर में सात नमूने जांच के लिए भेजे गए तो रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद 23 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए तो 6 पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। लेकिन इसके बाद 36 लोगों की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई। फिर नौ लोगों की जांच के बाद अब आठ लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत महसूस की है। वहीं जिले के प्राइमरी स्कूलों में 3812 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है। इन सभी के रहने खाने की बेहतर व्यवस्था करने का दावा प्रशासन की ओर से किया जा रहा है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि शहर में 67 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं गांवों के प्राइमरी स्कूलों में बाहर से आए 3812 लोगों को क्वारंटीन में रखकर उनकी समय समय पर जांच कराई जा रही है। इसके लिए चिकित्सकों की टीम लगी है।