महराजगंज। नगर चौराहे से निकला निचलौल रोड ऐसा मार्ग हो चला है जिसपर हर रोज जाम लगना लगभग तय है। रविवार के दिन भी लोग इस मार्ग पर करीब 45 मिनट तक जाम में फंसे लगे रहे। यातायात पुलिस के आने पर 10 मिनट बाद जाम हटवाया जा सका।
निचलौल रोड की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण है। इसके चलते पैदल यात्रियों को भी फुटपाथ की जगह सड़क के रास्ते ही आवागमन करना पड़ता है। मार्ग पर भीड़ की अधिकता होने के कारण इस रूट पर वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है, जिसके कारण हर रोज जाम लगता है। इस मार्ग पर सदर सीएचसी, दो इंटर काॅलेज तथा पीजी काॅलेज भी है। इसके चलते आवागमन लगातार रहता है। ऐसे में दिन में कई कई बार जाम लगता है।
अवकाश का दिन होने के कारण रविवार को आवाजाही कम जरूर रहती है, लेकिन जाम से राहत नहीं मिलती। दोपहर सक्सेना चौक से लेकर नगर पालिका कार्यालय तक जाम लग गया। काफी देर तक गाड़ियां जाम में फंसीं रहीं। यातायात पुलिस के आने पर जाम 10 मिनट बाद हटवाया जा सका। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र सिंह ने बताया कि फुटपाथ पर ठेला लगाने वालों के अतिक्रमण से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ठेले वालों को अन्यत्र दुकान लगाने की चेतावनी बराबर दी जाती रहती है।