महराजगंज। आईटीआई प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की सीबीटी परीक्षा (कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट) 30 जुलाई से शुरू होगी। 20 अगस्त तक यह परीक्षा चलेगी और 3,200 परीक्षार्थी इसमें भाग लेंगे। राजकीय पालीटेक्निक माधोनगर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
राजकीय आईटीआई निचलौल, नौतनवां, फरेंदा और माधो नगर चार राजकीय आईटीआई कॉलेज के अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं की कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा 30 जुलाई से होगी। इसमें बिल्डर, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, सिविल, मैकेनिकल, फैशन डिजाइन सहित कुल 12 ट्रेड के प्रशिक्षु हिस्सा लेंगे। प्रतिदिन तीन पाली में परीक्षा होगी और प्रत्येक पाली में 60 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा व्यवस्था की सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे, दूसरी पाली 12:15 से 2:15 तक और तीसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन से शाम 5 बजे तक होगी।
प्रत्येक पाली में पांच-पांच परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है जो आईटीआई के नोडल प्राचार्य को ऑनलाइन रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। 20 अगस्त के बाद प्रायोगिक परीक्षा होगी जिससे सिंतबर में परिणाम जारी हो सके।