सिसवा बाजार। कस्बे के अमरपुरवा तिराहे के निकट परिषदीय विद्यालय के सामने विगत एक माह से सड़क क्षतिग्रस्त है। सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने से यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके जिम्मेदार मौन हैं।
जानकारी के अनुसार, कंपोजिट कन्या विद्यालय द्वितीय के सामने पानी सप्लाई के पाइप में खराबी आने के बाद सड़क को खोदकर पाइप की मरम्मत की गई। मगर खोदी गई सड़क की को ठीक नहीं किया गया, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय सतीश कुमार, लवकुश, नगेन्द्र, सुरेश ने बताया कि इस मार्ग पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में साइकिल, बाइक व पैदल राहगीर और छात्र आते-जाते हैं। आए दिन यहां छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। आरोप है कि समस्या की जानकारी देने के बाद भी जिम्मेदार मौन हैं।
इस संदर्भ में सिसवा नगर के अधिशासी अधिकारी विन्ध्याचल ने बताया कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।