निचलौल। तहसील निचलौल में शनिवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 126, 135 एवं 170 बीएनएसएस से संबंधित लगभग 200 पत्रावलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान 115 पत्रावलियों में न तो जमानत प्रार्थनापत्र दाखिल मिला और न ही अधिवक्ता का वकालतनामा संलग्न पाया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की तो एसडीएम ने फौजदारी बाबू को तलब कर फटकार लगा दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बार एसोसिएशन निचलौल के अध्यक्ष यादवेंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तहसील निचलौल में निरीक्षण को पहुंचे। निरीक्षण के दौरान 115 पत्रावलियों में न तो जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल मिला और न ही अधिवक्ता का वकालतनामा संलग्न पाया गया। इस पर यादवेंद्र त्रिपाठी ने मामले की शिकायत एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता से कर दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने तत्काल फौजदारी बाबू शिवबचन को तलब कर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि न्यायालय में किसी भी पत्रावली को बिना अधिवक्ता की उपस्थिति के प्रस्तुत न की जाए।