महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बाल वाटिकाओं के संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, गंभीर कुपोषित एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने संभव अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी सीडीपीओ सैम बच्चों के स्वास्थ्य के संदर्भ में नियमित फॉलोअप करें। उन्होंने 30 सितंबर तक सभी को उक्त बिंदुओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए तब तक समस्त सीडीपीओ का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने युग्मन के उपरांत रिक्त सभी विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्रों को शुरू करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने नवाचार के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में उच्च पोषण युक्त चिक्की वितरण की रिपोर्ट न होने पर नाराजगी जताई और उक्त योजना के प्रगति का विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा।