महराजगंज। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतिम चरण में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के रामआधार कन्या जूनियर हाई स्कूल, गौशाला में सिविल लाइन के बूथ संख्या 189, 190, 191 एवं 192 के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ बैठक की।
खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आज ही एसआईआर फॉर्म की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन करना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंकिता सिंह ने बीएलओ से फॉर्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण), फॉर्म-7 (नाम हटाने हेतु) तथा फॉर्म-8 (सुधार हेतु) की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और जहां कहीं त्रुटि या कमी पाई गई, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।