महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं प्रर्वतन कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान आबकारी, व्यापार, परिवहन, जीएसटी एवं खनन वसूली में प्रगति की जानकारी लेते हुए लक्ष्य के सापेक्ष कर एवं राजस्व प्राप्ति को बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों को जल्द निस्तारित करने व डिजी शक्ति योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष 94 प्रतिशत स्मार्ट फोन/टैबलेट वितरित करने को लेकर निर्देश दिया। मंडी आय में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को लेकर समस्त मंडी निरीक्षकों को निर्देशित किया। आबकारी विभाग को भी राजस्व संग्रह में वृद्धि के लिए प्रयास और तेज करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी समय सीमा में आवेदनों को निस्तारित करते हुए डाटा फीडिंग का कार्य अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित कराएं, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। संवाद