महराजगंज। ग्राम पंचायत बरगदही में बिना कार्य के भुगतान के मामले में डीएम ने बीडीओ को ग्राम प्रधान और सचिव से वसूली करने का निर्देश दिया है। साथ ही वसूली की रकम मनरेगा समिति में जमा कर रिपोर्ट मांगी है।
जारी पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत बरगदही के रामकृपाल गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्कूल पिपरिया में दयानंद के घर से प्रेम नारायण के खेत तक नहर की पटरी पर झाड़ियों की सफाई और मिट्टी कार्य में बिना कार्य कराए और बिना सिंचाई विभाग की एनओसी लिए ही फर्जी तरीके से भुगतान कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने इसकी जांच उपायुक्त मनरेगा से कराई तो मामला सही मिला। यह भी जानकारी हुई कि बिना कार्य के एक बार नहीं बल्कि दो बार भुगतान किया गया है।
ग्राम प्रधान ने भी लिखित बयान में सिर्फ झाड़ियों की कटाई की बात स्वीकारी थी। उपायुक्त की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने 32580 रुपये का जुर्माना दोषियों पर लगाते हुए बीडीओ को पत्र जारी कर वसूली के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि ग्राम प्रधान शैलेष पटेल, सचिव मो. अखलाक और तकनीकी सहायक केशव त्रिपाठी से 10860-10860 रुपये की वसूली करते हुए मनरेगा समिति के खाते में जमा कराते हुए इसकी रिपोर्ट डीएम कार्यालय में उपलब्ध कराएं।