महराजगंज। बांसपार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में शुक्रवार को आकस्मिक निरीक्षण ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया। परिसर में कोई कर्मचारी नहीं मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक ने तीन कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।
पूर्वाह्न 11:45 बजे चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केपी सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह व ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सूर्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र पर ताला लटका हुआ था, प्रवेश द्वार पर गंदगी का ढेर लगा था और कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस वजह से केंद्र की दैनिक समीक्षा और गतिविधियां पूरी तरह ठप हो चुकी थीं।
निरीक्षण टीम को सूचना मिली कि सीएचओ पुनीता, एएनएम प्रियंका पटेल और एएनएम रीना सिंह तीनों अनुपस्थित हैं। डॉ. केपी सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल तीनों कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा व आज के वेतन को काटने का निर्देश जारी किया।