महराजगंज। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद की अध्यक्षता में बुधवार को पशुपालन विभाग की बैठक हुई। इसमें विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में भारत पशुधन एप पर पशुओं के टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित कार्यों की नियमित डेटा फीडिंग के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग सुनिश्चित करने और एनडीएलएम योजना के तहत उनका विवरण रजिस्टर में सुरक्षित रखने को कहा गया। विभागीय कार्यों की प्रगति प्रतिदिन एप पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पशुपालकों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण के आठवें चरण में बेहतर कार्य करने वाले डॉ. अशोक कुमार यादव, मनोज कुमार, कपिल देव निषाद और वीरेंद्र कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। डॉ. एजाज अहमद ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।