फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: जननी सुरक्षा योजना की धीमी रफ्तार, प्रदेश में 37वें स्थान पर महराजगंज

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की कोशिशों के बावजूद जिले की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जिले में 70.1 प्रतिशत ही उपलब्धि हासिल हो सकी है। इसके साथ ही प्रदेश की रैंकिंग में महराजगंज 37वें स्थान पर है। हालांकि गोरखपुर मंडल में जिला दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
विज्ञापन

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को जननी सुरक्षा योजना के तहत 38,454 संस्थागत प्रसव कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष सितंबर तक 13,480 प्रसव दर्ज किए गए हैं। निर्धारित अवधि के लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि 70.1 प्रतिशत रही। ब्लॉकवार प्रदर्शन में धानी 82.7 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर है। सिसवा में 73.7 और घुघली में 70.1 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। परतावल में 68.4, निचलौल में 67.8, बृजमंजगंज में 65.6 और लक्ष्मीपुर में 63.2 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है।
इसके अलावा सदर ब्लॉक में 58.9, मिठौरा में 56.8, फरेंदा में 53.8 और रतनपुर में महज 50.9 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। ऐसे में इन ब्लॉकों में संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।
विज्ञापन


पिछले साल की तुलना में भी पिछड़ा प्रदर्शन
वर्ष 2025 की 15 मई को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च 2025 तक जिले में 38,125 संस्थागत प्रसव के लक्ष्य के सापेक्ष 31,831 प्रसव कराए गए थे। इस तरह 83.49 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई थी। उस दौरान लाभार्थियों को 4.45 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया था। हालांकि पिछले साल और इस साल के आंकड़ों की अवधि अलग-अलग है, फिर भी पिछले प्रदर्शन को देखते हुए विभाग के सामने उपलब्धि बढ़ाने की चुनौती है।

2,534 लाभार्थियों का पंजीकरण लंबित
मंत्रा पोर्टल के एक अप्रैल से 23 अक्तूबर तक के आंकड़ों के मुताबिक जिले में कुल 16,280 प्रसव दर्ज किए गए हैं। इनमें 16,045 लाभार्थियों का जेएसवाई सत्यापन हुआ, जबकि 13,511 का ही पंजीकरण हो सका है। इस तरह 2,534 लाभार्थियों का पंजीकरण लंबित है। भुगतान के लिए 13,422 प्रस्ताव शुरू किए गए, जिनमें 13,406 लाभार्थियों को धनराशि दी जा चुकी है। पोर्टल पर 100 लाभार्थियों का भुगतान लंबित दर्शाया गया है। भुगतान की उपलब्धि 82 प्रतिशत है।

लक्ष्मीपुर में सबसे अधिक भुगतान
ब्लॉकवार भुगतान में लक्ष्मीपुर 88 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है। परतावल और सिसवा में 87-87 प्रतिशत, फरेंदा में 85, निचलौल में 84 तथा महराजगंज और मिठौरा में 83-83 प्रतिशत भुगतान हुआ है। घुघली में 81 और नौतनवां में 73 प्रतिशत लाभार्थियों को धनराशि मिली है। लाभार्थियों को योजना का पैसा उपलब्ध कराने के मामले में जिला प्रदेश में 22वें स्थान पर है।

बोले अधिकारी
संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं। आशा और एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कम उपलब्धि वाले ब्लॉकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पंजीकरण और भुगतान की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का सत्यापन कर जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
विज्ञापन

- डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें