एक नवंबर से होने वाले धान खरीद के संबंध मे जिलाधिकारी अनुनय झा ने खरीद एजेंसियों व विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। एक नवंबर से जिले में प्रारंभ होने वाले धान की खरीद को पारदर्शी ढंग से करने के लिए सभी क्रय केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाए। टोकन के हिसाब से ही धान को क्रय किया जाए। इसमें किसी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं की जाएगी व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
ये निर्देश जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को खरीद से जुड़े एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यालय पर स्थापित नियंत्रण कक्ष के नंबर को सभी खरीद केंद्रों पर प्रदर्शित किया जाए, जिससे कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी 25 अक्तूबर तक तैयारियों को पूरा कर लें और नामित किए गए नोडल अधिकारियाें को मौके पर भेजकर तैयारियों की स्थिति भी देख लें। खरीद एजेंसियों के जिम्मेदारों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि घटतौली न हो तथा उनका भुगतान समय पर हो। धान क्रय अत्यंत संवेदनशील विषय है, ऐसे में इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक कुमार सिंह, सहायक निबंधक सहकारिता सुनील कुमार गुप्ता के साथ ही केंद्र प्रभारी व मंडी सचिव मौजूद रहे।
-
पशुओं के संरक्षण व संवर्धन में शिथिलता पर चेतावनी
जिलाधिकारी अनुनय झा ने गोशालाओं मेें रखे गए पशुओं के लिए बेहतर प्रबंधन न होने पर पशु चिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि गोवंशीय पशुओं का बेहतर संरक्षण व संवर्धन हो। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनकी जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एक सप्ताह में गोशालाओं में उचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा।