आरएफसी ने किया गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण
निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें क्रय केंद्र प्रभारी
महराजगंज। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने जिले के विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रय केंद्र के प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का कार्य करें। शिथिलता की दशा में उनके विरुद्ध कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करें।
संभागीय खाद्य नियंत्रक राममूर्ति पांडेय ने साधन सहकारी समिति चौमुखा व भुवनी, खाद्य विभाग के केंद्र घुघली व मिठौरा, यूपीएसएस के गेहूं क्रय केंद्र परसा गिदही व हरिहरपुर का निरीक्षण किया। भुवनी केेंद्र पर केंद्र प्रभारी के न मिलने पर नाराजगी जताई, हालांकि कुछ देर बाद प्रभारी केंद्र पर पहुंच भी गए। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों से संपर्क कर गेहूं के क्रय की रफ्तार बढ़ाएं तथा लक्ष्य को पूरा कराया जाना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यूपीएसएस के प्रभारी द्वारा सभी केंद्रों को समय से बोरे न उपलब्ध कराने पर नाराजगी जताई। साधन सहकारी समिति करमही के किसानों का भुगतान विलंब से होने पर जिला प्रबंधक पीसीएफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।