घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, ट्रैक्टर चालक हिरासत में
भिटौली क्षेत्र के डेरवा मजार के पास हुआ हादसा
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र डेरवा मजार के पास बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने आगे जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक पर सवार दो वर्षीय बच्ची उछलकर सड़क पर गिर गई और सिर में चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार डेरवा निवासी सरफराज अपनी दो वर्षीय बेटी फिजरा को बाइक पर बैठाकर तरकुलवा से घर लेकर जा रहे थे। डेरवा मजार के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर आगे बैठी मासूम उछलकर सड़क पर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर बांस लदा था और वह तरकुलवा से डेरवा की ओर जा रहा था। सूचना पर सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी छोटेलाल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर शव को कब्जे में ले लिया। एसओ भिटौली सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।