सोनौली। नेपाल सीमा पर मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे सिद्धार्थनगर के पांच युवक नेपाल स्थित एक वाटर पार्क से लौटते समय विवाद में फंस गए। नेपाली टेम्पो चालकों से किराए और पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने युवकों का पीछा किया। जान बचाने के लिए सभी युवक भागते हुए सोनौली बॉर्डर तक पहुंचे। भारतीय सीमा में प्रवेश करते ही सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर मनीष, विकास, मधु, सुनील और रामकरण (सभी निवासी सिद्धार्थनगर) को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर कुछ समय के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर अन्य लोगों के पहुंचने से स्थिति और बिगड़ने की आशंका थी। हालांकि, दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से हालात जल्द सामान्य हो गया। नेपाल पुलिस ने बताया कि विवाद में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कुछ व्यक्तियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और उनकी तलाश जारी है। पहचान होने के बाद कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोनौली चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।