सोनौली नेपाल यातायात विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ भारतीय ट्रक चालकों का प्रदर्शन।
नाराज चालकों ने दी चक्का जाम की चेतावनी
सोनौली। सोनौली सीमा पर नेपाल यातायात विभाग पर मनमानी और अवैध जुर्माना वसूलने का आरोप लगा बृहस्पतिवार को भारतीय ट्रक चालकों ने प्रदर्शन किया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कुनसेरवा बाइपास पर ट्रक चालकों ने घंटों प्रदर्शन कर नेपाल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व नौतनवा ट्रक ऑपरेटर कल्याण समिति के अध्यक्ष पप्पू खान ने किया। प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों ने आरोप लगाया कि नेपाल के भैरहवा स्थित यातायात विभाग की ओर से भारत से नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों के आरसी में दर्ज लोडिंग मानकों को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। अंडरलोड ट्रकों को भी ओवरलोड बताकर प्रति ट्रक करीब 10 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जा रहा है। चालकों का कहना है कि जुर्माने की राशि ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया भी काफी जटिल है। भारत के विभिन्न राज्यों से आने वाले चालक तकनीकी और समय संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। भुगतान में देरी होने पर उनका भंसार (कस्टम) प्रक्रिया भी निरस्त हो जाती है, जिसके बाद अतिरिक्त जुर्माना भरने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
चालकों ने सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सोनौली बाईपास पर प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष पप्पू खान ने कहा कि फिलहाल प्रदर्शन सांकेतिक रूप से किया गया है लेकिन यदि नेपाल प्रशासन की मनमानी पर रोक नहीं लगी तो ट्रक चालक चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को बाध्य होंगे।