एसी ने दिया जवाब, भर्ती मरीजों की बढ़ीं दुश्वारियां
जिला अस्पताल के ईटीसी वार्ड में एसी खराब होने से बढ़ी दिक्कत
महराजगंज। ईटीसी वार्ड की एसी जवाब दे गई है। ऐसे में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। तीमारदार पंखा झालने को मजबूर हैं। वार्ड में व्यवस्था दुरुस्त करने के प्रति अस्पताल प्रशासन की दिलचस्पी नहीं दिख रही है। इन दिनों ईटीसी और जेई-एईएस वार्ड में 22 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल के ईटीसी और जेई-एईएस वार्ड के कुल 15 बेड पर 22 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें सात बुखार, एक एईएस और 14 अन्य बीमारी के मरीज हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती किया गया है। तीमारदारों ने कहा कि वार्ड की एसी खराब होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मरीज को देखने आए मोहन यादव ने कहा कि अगर अस्पताल की व्यवस्था ठीक हो तो मरीजों को राहत मिलती है, लेकिन अस्पताल खुद की बीमार है। इससे सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है। अस्पताल की गैलरी में बैठे राम केवल ने कहा कि वार्ड में गर्मी से मरीज परेशान हो जाते है। वहीं गलियारे में मच्छरों का प्रकोप अधिक होने से रात में दिक्कत बढ़ जाती है।
‘मौसम के बदलाव से बीमार हो रहे बच्चे’
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चों को परेशानी हो रही है। कभी बारिश तो कभी गर्मी व सुबह के समय हल्की ठंड के कारण लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। ऐसे में जागरूक होने की जरूरत है। बच्चे को शुद्ध पानी पिलाएं, बासी भोजन न दें। फूल अस्तीन का कपड़ा पहनाएं, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।
जिला अस्पताल में उपलब्ध संसाधन से मरीजों के बेहतर इलाज का प्रयास किया जा रहा है। ईटीसी वार्ड में एसी जल्द ठीक करा दी जाएगी। मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज करने में डॉक्टरों की टीम लगी है।
डॉ. एके राय, सीएमएस