महराजगंज। उमस भरा मौसम और छिटपुट बारिश का क्रम लोगों में आंखों का संक्रमण बांट रहा है। आंखों में पहले जलन हो रही। इसके बाद लाली बढ़ने के साथ लगातार आंसू निकलने लग रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल में 13 आंखों के मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने परामर्श दिया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को 756 रोगियों का उपचार हुआ। सर्वाधिक परेशानी में आंख की समस्या वाले रोगी रहे। इनकी जांच के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. मनीष निगम ने बताया कि इस समय बारिश का शुरुआती दौर है। इस समय बारिश का पानी आंखों के लिए नुकसानदायक होता है क्योंकि बारिश की बूंदों के साथ वायुमंडल में जमा प्रदूषक भी शामिल रहते हैं।
यह आंख और त्वचा पर गिरने के बाद प्रतिक्रिया करते हैं जिससे आंखों में जलन की समस्या होती है। इसपर ध्यान न दिया जाए तो आंख पूरी तरह सुर्ख लाल होने के साथ आंसू गिरने का क्रम शुरू हो जाता है। ऐसे में बारिश में भीगने से बचना चाहिए। अगर आंख में जलन शुरू होती है तो बर्फ से सिंकाई करें।
तत्काल लाभ न मिले तो चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए अन्यथा समस्या कई दिनों तक बनी रह सकती है। इस समय बाहर निकल रहे हैं तो धूप का चश्मा जरूर लगाकर रखें। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने कहा कि बारिश में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए संक्रमण से बचने का प्रयास करना चाहिए।