महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। नेडा की पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पीओ नेडा को विद्युत विभाग से समन्वय करते हुए पीएम सूर्यघर योजना के लिए वेंडर्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापना की गति को तेज किया जा सके।
उन्होंने नेट मीटरिंग के लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह में निस्तारित करने का निर्देश दिया और विद्युत उपभोक्ता के नाम परिवर्तन, पीसीआर (प्रोग्रेस कमीशनिंग रिपोर्ट) सहित अन्य प्रक्रियाओं को भी निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के लिए विद्युत विभाग के सभी एक्सईएन को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने प्रति सप्ताह पीएम सूर्यघर की समीक्षा और योजना के व्यापक प्रचार–प्रसार के निर्देश दिए। कहा कि पीएम सूर्यघर शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी परियोजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सभी खंडों में लाइन लॉस और एटीएनसी लॉस को कम करने का निर्देश दिया। खराब मीटरों को अभियान चलाकर प्रतिस्थापित करने के लिए कहा। विद्युत चोरी के उन प्रकरणों में जिनमें विभाग को राजस्व की बड़ी क्षति हो रही है में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह, पीओ नेडा गोविंद तिवारी मौजूद रहे।