मिठौरा। चौक थाना क्षेत्र में रविवार शाम में एक किसान का शव आम के बागीचे में पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी, चौक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने चौक-निचलौल मार्ग से सटे पिपरिया गुरु गोबिंद राय के बागीचे में एक व्यक्ति के फंदे से लटके होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क किनारे एक बाइक खड़ी मिली। बागीचे के अंदर आम के पेड़ से रस्सी के सहारे एक व्यक्ति लटका हुआ था। उसकी पहचान शैलेश पटेल (45) पुत्र पारस, निवासी पिपरा सोनाड़ी, थाना चौक के रूप में हुई।
मृतक खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो पुत्र गणेश और राम अवतार (18 व 20 वर्ष) हैं। पिता की मौत से दोनों पुत्रों के सिर से सहारा उठ गया। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसे आत्महत्या माना जा रहा है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।