कस्बे स्थित छतरी चौराहा से पुलिस ने शनिवार की सुबह चार बजे के करीब एक संदिग्ध अमेरिकी नागरिक को पकड़ कर थाने लाई। जहां पूछताछ के बाद संदिग्ध देखते हुए सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ जांच एजेंसी को दी गई। युवक से स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय खुफिया एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत आगमन, यहां रहने के उद्देश्य और नेपाल सीमा की ओर जाने की वजह की गहन जांच कर रही हैं। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम ट्रेविस फेलेन 35 बताया है। वह अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य का निवासी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक नेपाल सीमा की ओर जाने की फिराक में था। इसी दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे फरेंदा के छतरी चौराहा क्षेत्र से भोर में पुलिस ने हिरासत में लिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो), एसआईओ तथा एलआईयू की टीमें सक्रिय हो गईं और युवक से अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ शुरू कर दी। एजेंसियां उसके पास मौजूद दस्तावेजों, यात्रा संबंधी रिकॉर्ड और भारत में उसके ठहरने के स्थानों की भी जांच कर रही हैं।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह 180 दिनों के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसका टूरिस्ट वीजा फरवरी माह में ही समाप्त हो चुका है। वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रहने के कारण उसकी स्थिति और गतिविधियों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पूछताछ जारी है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल फोन गायब मिला
फरेंदा में संदिग्ध रूप में पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक के पास मोबाइल फोन व नगदी रकम न होने से वह भटकने की बात सामने आ रही है। वह हैदराबाद से चलकर नेपाल के रास्ते अमेरिका जाने की फिराक में था कि सोनौली बार्डर से अज्ञात कारणों से वापस फरेंदा लौट आया।
जहां पर रात में छतरी चौराहे पर किसी बस ने उतार कर चला गया। उसके बाद वह वाहन के इंतजार में खड़ा रहा। जहां पर पुलिस की नजर पड़ गई तो पकड़ कर थाने ले आए।