ट्रॉफी के साथ जम्मू-कश्मीर की टीम।
घुघली। ऑल इंडिया फुटबाॅल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मैच के रोमांचक मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को कड़े संघर्ष में पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। डीएबी नारंग इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित मैच के पहले हॉफ में झारखंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए बराबरी हासिल की। दूसरे हाॅफ में झारखंड ने एक और गोल दागकर मुकाबले में 2–1 की बढ़त बना ली, जिससे मैच और भी रोमांचक हो गया।
इसके बाद दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर आक्रमण तेज कर दिया। झारखंड की टीम जहां मजबूत रक्षापंक्ति के सहारे बढ़त बचाने की कोशिश करती रही, वहीं जम्मू-कश्मीर की टीम लगातार आक्रमण कर गोल की तलाश में जुटी रही। मैच के अंतिम पांच मिनट शेष रहने पर जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार गोल कर मुकाबले को पुनः बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद दोनों टीमों को 15 मिनट के अतिरिक्त समय दिया गया।
इस दौरान भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर लगातार आक्रमण बनाए रखा, लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में जम्मू-कश्मीर की टीम ने निर्णायक गोल मारकर ट्राॅफी अपने नाम कर ली । फाइनल मैच का उद्घाटन सिसवा नगर पालिका के चेयरमैन प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रतिनिधि जगदीश मिश्र ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष संतोष कुमार जायसवाल ने सभी प्रति आभार व्यक्त किया।
मैच के निर्णायक प्रभात मिश्रा, रहमतुल्ला और इकराम अली रहे। उदघोषक की भूमिका अजय कुमार श्रीवास्तव, मनोज सागर और ब्रजेश दुबे ने निभाई। समारोह का संचालन जिला क्रीड़ा सचिव अजय श्रीवास्तव ने किया।