महराजगंज। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में प्रोफेसर शिब्बन लाल सक्सेना सभागार में चार दिवसीय विज्ञान शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सदर ब्लॉक के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के कुल 30 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। विज्ञान शिक्षण प्रक्रिया को सहज बनाकर अधिगम को आसान बनाने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मुख्य प्रशिक्षक डॉ. दीपक शर्मा ने घर के अनुपयोगी सामानों को किस तरह विज्ञान आधारित नवाचारी शिक्षण सामग्री के बारे में बताया। उन्होंने वायुदाब, जल दाब, न्यूटन के नियम, तरंग परावर्तन आदि को सुगम तरीके से समझाने के लिए शून्य निवेश शिक्षण सामग्री निर्माण पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र में विज्ञान के दैनिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला गया।
विज्ञान शिक्षक अमरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण चार दिन तक चलेगा। इसमें 30 शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर अधिगम को छात्र मित्रवत बनाया जाएगा। जिससे कि विज्ञान विषय के सिद्धांतों को प्रयोग द्वारा सुगमता से समझा जा सकता है। उन्होंने बताया कि विज्ञान को किताबों से बाहर लाकर समाज उपयोगी बनाना और ऐसे नई पीढ़ी को तैयार करना जिसमे वैज्ञानिक तर्कशीलता, चिंतन व वैज्ञानिक समझ का विकास हो सके इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान कामाख्या जायसवाल प्रदीप सोनी, विवेकानंद, संतराज यादव, विनय, विनय चौहान मौजूद रहे।