महराजगंज। जनपद में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ गणपति बप्पा की मूर्ति विसर्जित की गई। महराजगंज चौक के पोस्ट ऑफिस स्थित स्थापित गणेश प्रतिमा का भक्तों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ त्रिमुहानी पर विसर्जन किया। मूर्ति विसर्जन जुलूस के साथ भगवान शंकर-पार्वती की झांकियां निकाली गईं। इस मौके पर कलाकारों ने शिव तांडव की सुंदर प्रस्तुति दी।
सात सितंबर से गणेश चतुर्थी महोत्सव शुरू हुआ था। घरों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर भक्तों ने भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। अपनी श्रद्धा के अनुसार भक्तों ने तीन दिन के बाद से ही भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन शुरू कर दिया। महराजगंज चौक स्थित भगवान गणेश प्रतिमा का विसर्जन ढोल नगाड़े के साथ किया गया।
विसर्जन से पहले भगवान गणेश की पूजा एवं आरती की गई। उसके बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया का जयकारा लगाते हुए जुलूस निकाला। जुलूस में श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ गुलाल की होली भी खेली। जुलूस में भगवान शिव-पार्वती की सुंदर झांकी निकाली गई। जुलूस को रास्ते में रोककर कलाकारों ने भगवान शिव-पार्वती के जीवन पर सुंदर प्रस्तुति दी। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ त्रिमुहानी पहुंचा। जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा। त्रिमुहानी पहुंचने पर भक्तों ने भगवान गणपति की पूजा-अर्चना करके प्रतिमा को विसर्जित किया।