नौतनवा। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बृहस्पतिवार की सुबह चार अलग-अलग शिफ्टों में विधानसभा क्षेत्र की समस्त बीएलओ के साथ बैठक की। इसमें उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फार्म भरने के दौरान पांच श्रेणियों में की गई तार्किक विसंगतियों को ठीक कर नोटिस के समाधान का प्रशिक्षण दिया गया।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने कहा कि एसआईआर फार्म में जो तार्किक विसंगतियां सामने आई हैं उसके निवारण के लिए क्षेत्र के कुल 41 हजार 759 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जा रहा है। इसमें पिता से संतान के रूप में 6 से अधिक मतदाताओं की मैपिंग, पिता का नाम मिस मैच, पिता व मतदाता की उम्र में 15 वर्ष से कम का अंतर, पिता की उम्र मतदाता से 50 वर्ष से अधिक होना एवं दादा-दादी से मतदाता की उम्र 40 वर्ष से कम होने के अंतर जैसी तार्किक विसंगतियां शामिल हैं। इस दौरान तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, अनुराग मिश्रा, रमेश गुप्ता, विक्की साहनी, कृष्ण गोपाल आदि मौजूद रहे।