एक साथ कमरे में तीन व्यक्तियों का शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में फैली सनसनी
घटना के समय दोमुहान घाट स्थित मुख्यालय पर ड्यूटी करने की गई थी महिला सफाईकर्मी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं एसएसबी के अधिकारी मयफोर्स मौके पर पहुंचे
नौतनवा। सशस्त्र सीमा बल की एसएसबी 66वीं वाहिनी में तैनात सफाईकर्मी के पति और उनके दो बच्चों का शव रविवार की सुबह गांधी नगर वार्ड स्थित किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सफाईकर्मी के पति ने सुसाइड नोट में पत्नी को घटना के लिए जिम्मेदार
ठहराया है।
घटना की जानकारी होते ही सीओ अंकुर गौतम एवं थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव मयफोर्स मौके पर पहुंचे और तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, तहसीलदार कर्ण सिंह एवं एसएसबी के भी तमाम अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक, एसएसबी की 66वीं वाहिनी के मुख्यालय में बतौर सफाईकर्मी तैनात बंदना निवासी मिर्जापुर थाना सैदपुर जिला गाजीपुर अपने पति अमरीश कुमार और दो बच्चों कंचन (4) एवं अमरेंद्र (3) के साथ कस्बे के गांधी नगर वार्ड में किराए पर कमरा लेकर रहती हैं। रविवार की सुबह करीब 6:30 बजे बंदना ड्यूटी पर चली गईं। कुछ देर बाद उन्हें घर वालों से सूचना मिली कि अमरीश से फोन पर बात हुई है और वह कुछ अनहोनी घटना को अंजाम देने वाला है। बंदना ने बताया कि उन्होंने तत्काल अपने सहकर्मियों और स्वयं 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी और वहां से घर के लिए निकल पड़ीं। हालांकि जब तक लोग पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बंदना ने कमरे में पहुंचने पर देखा कि बेटी कंचन का शव किचन की खिड़की में रस्सी के सहारे लटक रहा था और बेटे अमरेंद्र का शव फंदा टूटने की वजह से नीचे जमीन पर पड़ा हुआ था। किचन से सटे कमरे के फर्श पर खून के छींटे पड़े थे। पति के बाएं हाथ की नस कटी हुई थी और उनका भी शव छत के पंखे में कपड़ों से बने फंदे के सहारे लटका था। यह नजारा देख वहां मौजूद सभी स्तब्ध रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम की जांच और विधिक कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद से ही महिला एसएसबी जवान का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला जवान के पति बेरोजगार थे और घर पर ही बच्चों की देखभाल सहित पारिवारिक जिम्मेदारियां को संभालते थे।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि एसएसबी जवान के परिजनों को सूचना देते हुए तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जुटाए साक्ष्य
नौतनवा। कस्बे के गांधी नगर वार्ड में फंदे से लटकते मिले शवों के घटनास्थल की जांच के लिए थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने जिले की फॉरेंसिक टीम को इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच और मुआयना कर आवश्यक सैंपल लिए। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद टीम वापस लौट गई।