महराजगंज। मौसम में बदलाव के कारण उमस की अधिकता पाचनतंत्र को प्रभावित कर रही है। उमस व बारिश के कारण संक्रमण से पेट में दर्द व खाना न पचने के मामले बढ़ रहे हैं।
शनिवार 23 उदर रोगी पहुंचे जिन्हें अपच, गैस, पेट दर्द, खट्टी डकार, पेट फूलने के साथ गड़गड़ाहट की समस्या थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद दवाओं का परामर्श दिया। शनिवार जिला अस्पताल की ओपीडी में 856 रोगियों का उपचार किया गया। उदर रोगियों की अलग-अलग समस्या थी जिसमें समानता यह रही कि सभी अपच के चलते पनपने वाली समस्याएं रहीं।
इन मरीजों की जांच रिपोर्ट देखने के बाद डाॅ. पवन कुमार ने कहा कि उमस के मौसम में खानपान पर विशेष ध्यान न देने के कारण लोगों को अपच, गैस जैसी समस्या हो रही है। इस मौसम में हल्का व सुपाच्य भोजन ही लेना चाहिए साथ ही पानी की शुद्धता नितांत जरूरी है। शुद्ध पानी नहीं है तो पानी उबाल कर प्रयोग में लाएं।
पहले के कटे फल, केमिकल से पकाए गये आम इत्यादि सेवन न करें। खानपान की सजगता से ही उदर संक्रमण से बचाव हो सकता है।
सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध है।