हाईस्कूल व इंटर में 4,135 विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
महराजगंज। जिले के विभिन्न केंद्रों पर सोमवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 55,933 परीक्षार्थियों में 51,798 ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 4,135 अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में हाईस्कूल के विज्ञान तथा इंटर के मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र व तर्कशास्त्र विषय की परीक्षा में पंजीकृत 39,708 परीक्षार्थियों में 36,522 ने परीक्षा दी जबकि 3,186 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में आयोजित इंटर जीव विज्ञान व गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 16,225 परीक्षार्थियों में 15,276 ने परीक्षा दी, जबकि 949 अनुपस्थित रहे। कोई विद्यार्थी अनुचित सामग्री के साथ नहीं पकड़ा गया।
सचल दल ने केंद्रों पर पहुंच कर जांची शुचिता
महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा को देखते हुए सोमवार को सचल दल की टीमों ने जिले की चारों तहसील के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा की शुचिता को देखा। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ने भी केंद्रों पर परीक्षा केंद्रों पर जाकर परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखी।